पूर्वांचल एक्सप्रेस से घर लौट रहा मदरसा छात्र रहस्यमय तरीके से लापता
- फोटो : अमर उजाला
गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के मऊ स्थित जामिया अमजदिया घुसी मदरसे का 20 वर्षीय छात्र मोहम्मद फैजान रजा पूर्वांचल एक्सप्रेस से घर लौटने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।घटना के तीसरे दिन भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। फैजान फुलवरिया थाना क्षेत्र के चुरामन चक भटवलिया गांव निवासी शिक्षक मोहम्मद इम्तियाज अहमद शाह उर्फ आतिश गोपालगंजवी का इकलौता पुत्र है। फैजान की सलामती के लिए इलाके की मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर दुआएं मांगी जा रही हैं। वहीं बेटे के गम में उसकी मां की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है।
“अबू, ट्रेन में मार रहे हैं…” मैसेज से दहशत में परिवार
परिजनों के मुताबिक मोहम्मद फैजान सोमवार सुबह 5:40 बजे मऊ स्टेशन से पूर्वांचल एक्सप्रेस पकड़कर भटनी जंक्शन के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 7:06 बजे बिल्थरा रोड और सलेमपुर जंक्शन के बीच फैजान ने अपने पिता के मोबाइल पर एक खौफनाक मैसेज भेजा। मैसेज में लिखा था, “अबू, लड़ाई हो गई है। ट्रेन में मार रहे हैं। मैं छिपकर मैसेज कर रहा हूं।” यह मैसेज देखते ही पिता ने तुरंत बेटे को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो चुका था। इस मैसेज के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और डर में है।
मऊ से भटनी तक बेटे की तलाश में भटक रहा परिवार
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत फुलवरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गोपालगंज पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है। फैजान के चाचा ने बताया कि परिवार के लोग मऊ से लेकर भटनी जंक्शन तक पड़ने वाले हर छोटे-बड़े स्टेशन और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।