फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LS Election: लालू के गृह जिले में राजद को नहीं मिला प्रत्याशी, प्रतिष्ठा वाली गोपालगंज सीट पर चर्चा में कई नाम

Wed, 03 Apr 2024 01:35 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज

सार

Lok Sabha Election: गोपालगंज राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का गृह जिला है। ऐसे में यहां पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। पार्टी वैसे उम्मीदवार की तलाश कर रही है जो हर हाल में सीट पर अपनी जीत दर्ज कर सके, क्योंकि 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद राजद या उसके सहयोगी यहां से चुनाव जीतने में असफल रहे हैं।
विज्ञापन
प्रत्याशी को लेकर राजद में संशय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार की गोपालगंज सीट पर लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए के घटक दल जदयू ने अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया है। लेकिन राष्ट्रीय जनता दल को गोपालगंज में किसी उम्मीदवार पर भरोसा नहीं हो पा रहा। इंडिया गठबंधन की ओर से गोपालगंज लोकसभा सुरक्षित सीट राजद के खाते में है। राजद की ओर से अब तक उम्मीदवार के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। जदयू की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सह वर्तमान सांसद डाक्टर आलोक कुमार सुमन की घोषणा दस दिन पूर्व की हो चुकी है।

विज्ञापन

 
राजद के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी गोपालगंज सीट
दरअसल, गोपालगंज राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का गृह जिला है। ऐसे में यहां पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। पार्टी वैसे उम्मीदवार की तलाश कर रही है जो हर हाल में सीट पर अपनी जीत दर्ज कर सके, क्योंकि 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद राजद या उसके सहयोगी यहां से चुनाव जीतने में असफल रहे हैं। अंतिम बार यहां से 2004 में राजद प्रमुख लालू प्रसाद की पत्नी के भाई अनिरुद्ध प्रसाद उर्फ साधु यादव ने राजद से चुनाव जीता था। उसके बाद से लगातार तीन चुनावों में एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की थी।
 
राजद में आधा दर्जन नामों पर चल रही चर्चा
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, गोपालगंज सुरक्षित सीट से सारण जिले के गड़खा के विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेंद्र राम, पूर्व में लोकसभा के प्रत्याशी रहे सुरेंद्र राम महान, शहर के प्रमुख सर्जन डॉ. सुनील रंजन, डॉक्टर के मंजू, कुचायकोट के प्रमोद राम जैसे छह नामों पर आलाकमान के स्तर पर मंथन चल रहा है। आलाकमान किसके नाम पर मुहर लगाता है, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन अधिक चर्चा में पूर्व मंत्री सुरेंद्र राम की चर्चा ज्यादा है।
विज्ञापन

 
पटना में कैंप कर रहे सभी संभावित उम्मीदवार
राजद के सभी संभावित उम्मीदवार होली के पहले से ही पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं को लेकर पटना में कैंप कर रहे हैं। कई राजनीतिक पंडित टिकट की जुगाड़ में पटना में जुटे हैं। पार्टी के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है। राजद का मुकाबला अब जदयू से सीधे होना तय माना जा रहा है। इस बार चुनाव में कांटे की टक्कर होने की पूरी संभावना है।
 
पूर्व में राजद से दो उम्मीदवार हो चुके हैं विजयी
गोपालगंज सीट परिसिमन के बाद 2009 में आरक्षित हुई। जब आरक्षित नहीं थी तो 1996 में लाल बाबू प्रसाद यादव और 2004 में अनिरुद्ध प्रसाद उर्फ साधु यादव राष्ट्रीय जनता दल से चुनाव जीत कर लोकसभा में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उसके बाद हुए तीन चुनावों में राजद या सहयोगी दल के पक्ष में जनादेश नहीं आया। इस चुनाव में राजद हर हाल में जिताऊ उम्मीदवार की तलाश में जुटी है। इस मामले में राजद के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह और प्रधान महासचिव इम्तियाज अली भुट्टो अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। देखते हैं कब तक राजद प्रत्याशी का नाम सामने आता है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें