सार
सारण के कोपा थाना क्षेत्र में धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों घटनाओं से इलाके में शोक है और पीड़ित परिवारों ने मुआवजे की मांग की है।
सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पहली घटना कोपा नगर पंचायत के स्टेशन रोड स्थित खेत की है। यहां वार्ड संख्या-1 निवासी 43 वर्षीय ओम प्रकाश मांझी, जो पेशे से पेंटर थे, अपने 14 वर्षीय पुत्र यश कुमार के साथ धान की रोपनी के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच खेत में आकाशीय बिजली गिरने से ओम प्रकाश मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र यश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। घायल यश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।
पढे़ं: बिहार में ईवी वाहनों पर सब्सिडी के लिए आवेदन शुरू, परिवहन विभाग ने जारी किया ऑनलाइन लिंक
परिजनों के अनुसार, ओम प्रकाश मांझी अपने पीछे पत्नी उमरावती देवी, तीन पुत्र, एक पुत्री तथा वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं दूसरी घटना कोपा थाना क्षेत्र के समहोता गांव में हुई। यहां चन्द्रदीप प्रसाद के इकलौते 14 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की खेत में धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और विशेषज्ञ लगातार खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह देते हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।