पटना हाई स्कूल के स्थापना दिवस एवं पूर्व छात्र मिलन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। उन्होंने शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह की प्रतिमा का अनावरण, माल्यार्पण और स्मारिका का विमोचन किया तथा विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर जोर दिया।
जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को गर्दनीबाग स्थित शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना हाई स्कूल) के स्थापना दिवस एवं वार्षिक पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यालय की स्मारिका का विमोचन किया।
विज्ञापन
समारोह में नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं विद्यालय के गौरव शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्र निर्माण में पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि समाज और देश के निर्माण की प्रेरणा भी हैं।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह 'गांधीजी' सहित कई जनप्रतिनिधि, पूर्ववर्ती छात्र, शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत, शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान और पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूर्ववर्ती छात्र संघ ने विद्यालय के विकास और उसकी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।