गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बरई बेली गांव में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के आधार पर वीडियो से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके पति को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित बरई बेली गांव के निवासी हैं। वायरल वीडियो में महिला “जगरनाथवा बो कर देले बिया” कहते हुए दिखाई दे रही थी। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया। स्थानीय लोगों ने वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की और दोनों को उनके घर से हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है। संबंधित मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से वीडियो के स्रोत और उसके प्रसार की पड़ताल की जा रही है। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और चैनलों को बंद कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि वीडियो का आगे प्रसार रोका जा सके।