गोपालगंज जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र के मगहां गांव में एक सप्ताह पहले की गई दिव्यांग सब्जी विक्रेता लक्ष्मी निवास सिंह की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को मीरगंज से गिरफ्तार किया है। शनिवार को हथुआ एसडीपीओ आनंद कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी दी और गिरफ्तारी की पुष्टि की।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतक लक्ष्मी निवास सिंह की बड़ी बेटी के देवर रूपेश सिंह की नजर उसकी छोटी बेटी पर थी। वह उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन लक्ष्मी निवास सिंह को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था और इसी बात को लेकर मृतक और रूपेश सिंह के बीच कई बार विवाद भी हुआ था।
यह भी पढ़ें- Bihar: एक ही परिवार के तीन बच्चों की नदी में डूबकर मौत, आज ही जाने वाली थी मामा की बारात; गम में बदलीं खुशियां
एसडीपीओ ने आगे बताया कि घटना से कुछ दिन पहले मृतक ने रूपेश सिंह से इस मुद्दे पर गाली-गलौज की थी और उसे धमकाया भी था। इस बात से नाराज होकर कटेया थाना क्षेत्र के नियामत गुरियाव गांव के निवासी दिवंगत मैनेजर सिंह के पुत्र रूपेश सिंह ने अपने मित्र लोहटी गाव निवासी शम्भू पांडेय के पुत्र विकास पांडेय के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत बीते सप्ताह रात के समय दोनों आरोपी बथान पहुंचे। जहां लक्ष्मी निवास सिंह सो रहे थे। मौका पाकर दोनों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर निर्ममता से उनकी हत्या कर दी और फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने तुरंत श्रीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। मृतक की पत्नी प्रेमशीला देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई थी। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। जिसके आधार पर मीरगंज में छापामारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- Bihar: विद्यार्थियों के आंदोलन का असर, कॉलेज में SC/ST व सभी वर्ग की छात्राओं से नहीं लिया जाएगा नामांकन शुल्क
पुलिस के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार गड़ासी भी बरामद कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त अन्य सामानों में बाइक और मोबाइल सिम बरामद किए गए हैं। हथुआ एसडीपीओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी और इसके पीछे पारिवारिक विवाद मुख्य कारण रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में तेजी से कार्रवाई कर रही है, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। इस घटना ने क्षेत्र में गहरी संवेदना उत्पन्न कर दी है। दिव्यांग सब्जी विक्रेता की निर्मम हत्या से गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।