घटना स्थल पर मौजूद पुलिस और लोग
- फोटो : अमर उजाला
गोपालगंज जिले में कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार स्थित स्टेट बैंक के पास अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को अपना निशाना बनाया है। सोना कारोबारी संजय सोनी और कपड़ा व्यवसायी संदीप कुमार की दुकान से लाखों रुपये के सामानों की चोरी कर ली है। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन करने में जुट गई है।
बताया जाता है कि गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार निवासी स्वर्ण कारोबारी संजय सोनी और कपड़ा व्यवसायी संदीप कुमार बुधवार शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। गुरुवार की सुबह जब वे अपना दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। वहीं, दुकान में रखे सोने चांदी के आभूषण, बर्तन और नकद रुपये गायब थे। वहीं, कपड़ा व्यवसायी संदीप कुमार की दुकान की दीवार पीछे से काटकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला था।
विदित हो कि दो दिन पूर्व ही इसी बाजार में सोनी ज्वेलर्स की दुकान में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दी गई थी। अभी इसकी जांच चल ही रही थी। तब तक एक ही रात दो दुकानों में चोरों ने चोरी कर व्यवसायियों को दहशत में डाल दिया है। बाजार के व्यवसायी दहशत के माहौल में जी रहे हैं। वहीं, इस मामले में कुचायकोट थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। बहुत जल्द चोरी के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और चोरी के सारे सामान बरामद कर लिए जाएंगे।