मौत के बाद सड़कों पर उतरे ग्रामीण
- फोटो : Amar Ujala
सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के शिलहौरी गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
तेज गति से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर
मृतका की पहचान शिलहौरी गांव निवासी एवं जेपी सेनानी रामनाथ राय की पत्नी कांति देवी (50) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कांति देवी रविवार शाम अपने घर के सामने मढ़ौरा-खैरा मुख्य मार्ग पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ऑटो में फंस गईं और करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थीं। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ
महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मढ़ौरा-छपरा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर मढ़ौरा डीएसपी सुविन्द्र कुमार दास और थानाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से लोगों को समझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।
ये भी पढ़ें-
भीषण गर्मी में पानी के लिए तरसे लोग, बाढ़ में पांच दिन से ठप जलापूर्ति; फूटा लोगों का गुस्सा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल फरार ऑटो चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।