सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के शहादी गांव में 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान सुदामा राम (35) पुत्र सुदर्शन राम के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम सुदामा राम स्थानीय थाना क्षेत्र के नरसिंह भानपुर नहर के समीप अचेत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे पटना रैफर कर दिया और वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर अमनौर थाना पुलिस रविवार शाम मृतक के घर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: Bihar News: बेतिया में दर्दनाक हादसा, रील शूट करते समय नहर में गिरे दो युवक; दोनों की मौत
मृतक का शव गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी हेवनूती देवी, माता-पिता और अन्य परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे। परिवार की दर्दनाक स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हादसे से सुदामा राम के तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों के अनुसार सुदामा ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे।
मृतक के पिता सुदर्शन राम ने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे को बुलाकर ले जाया गया था, जिसके बाद उसके साथ अनहोनी हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोग उनके घर पहुंचे और मारपीट का प्रयास किया। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई और आरोपित बताए जा रहे लोग मौके से चले गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। अमनौर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।