विशिष्ट शिक्षक का नियुक्ति पत्र पाकर घर लौट रही शिक्षिका और बेटी की मौत
गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड मुख्यालय से विशिष्ट शिक्षक का औपबंधिक नियुक्ति पत्र लेकर घर लौट रही एक शिक्षिका की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं, शिक्षिका की सात वर्षीय पुत्री अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच सांसें ले रही थी। उसके बाद उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
बताया जाता है कि गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड के मचवां गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद की पत्नी प्रिया कुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापुर में नियोजित शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। बुधवार को पंचदेवरी हाइस्कूल परिसर में लगे कैंप में नियोजित शिक्षकों के बीच विशिष्ट शिक्षक का औपबंधिक नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा था। वहां से शिक्षिका अपना नियुक्ति पत्र लेकर अपनी सात वर्षीया बेटी सुभी के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान पंचदेवरी बीआरसी के पास एक ट्रक में बिजली का तार फंस गया। तार सहित पोल स्कूटी पर गिर पड़ा, हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने मां-बेटी को इलाज के लिए यूपी के कुशीनगर जिले के तमकुही में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने मां बेटी की गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शिक्षिका की मौत हो गई। वहीं, बेटी की स्थिति भी नाजुक बनी हुई थी, अब उसकी भी मौत हो गई।
विदित हो नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी बनाने के लिए सरकार द्वारा सक्षमता परीक्षा का आयोजन छह महीने पूर्व किया गया था। परीक्षा में पास सभी शिक्षकों को काउंसलिंग के उपरांत 20 नवंबर को औपबंधिक नियुक्ति पत्र दिए जा रहे थे। औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के साथ ही नियोजित शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक की उपाधि मिल रही थी।
राज्यकर्मी का सपना लेकर नियोजित शिक्षिका विशिष्ट शिक्षक का नियुक्ति पत्र प्राप्त कर खुशी मन से घर लौट रही थी। इसी बीच वह दुर्घटना का शिकार हो गई। शिक्षिका के निधन से गोपालगंज के शिक्षा जगत में शोक का माहौल है। शोक व्यक्त करने वालों में शिक्षक जनार्दन ओझा निराला, बागेश्वरीनाथ तिवारी, विपिन राय, सुनील चौबे, राजेंद्र द्विवेदी, अनुज कुमार पांडेय, सुभाष शाह, मनीष पाल, दिलीप बरनवाल, जनार्दन यादव और राजेश कुमार आदि शिक्षक शिक्षिका शामिल रहे।