युवक की मौत से शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में बुधवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसा में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृत युवक की पहचान धर्मेंद्र कुमार महतो (35) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मण महतो का बेटा था। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और मृतक के परिजन गहरे शोक में डूब गए हैं।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार महतो सुबह करीब आठ बजे अपने बथान से घर लौट रहे थे। तभी कुछ लोग उनके घर के दरवाजे पर पहुंचे। इसके बाद उन लोगों ने धर्मेंद्र पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान उनके पिता लक्ष्मण महतो, छोटे भाई प्रमोद कुमार महतो और पत्नी बेबी देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को त्वरित इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति में गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचते ही धर्मेंद्र कुमार महतो की मौत हो गई। इस घटना ने मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ा दी। मृतक के परिजनों का कहना है कि यह घटना जमीनी विवाद के कारण हुई, और आरोपियों ने जानबूझकर धर्मेंद्र पर हमला किया।
घटना के बाद नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। बैकुंठपुर पुलिस ने पिपरा बिन टोली में पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को पकड़ने के लिए काम कर रही है।