सीवान जिले में खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि खरीफ मौसम 2025 में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए।
इसी क्रम में पिछले एक सप्ताह से विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जिला प्रशासन और जिला कृषि कार्यालय की संयुक्त कार्रवाई में 13 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर अनियमितता और उर्वरक अधिनियम-1985 के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इनमें दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि दो लाइसेंस रद्द कर दिए गए।
पढे़ं: भाई तेजस्वी यादव के गढ़ राघोपुर में तेज प्रताप का दौरा, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में यूरिया सहित सभी आवश्यक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सभी प्रखंडों में आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। खुदरा विक्रेताओं के पास उपलब्ध स्टॉक और पीओएस मशीन में दर्ज मात्रा का मिलान भी लगातार किया जा रहा है।
किसानों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन भी जारी की गई है। किसान किसी भी समस्या के लिए जिला कृषि पदाधिकारी (मो. 9031645873), सहायक निदेशक (शस्य) प्रक्षेत्र, सिवान (मो. 9450978861), अनुमंडल कृषि पदाधिकारी महाराजगंज (मो. 7070900480) और राममनोहर, कृषि समन्वयक, जिला कृषि कार्यालय (मो. 8825154601) से संपर्क कर सकते हैं। सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।