सीवान जिले में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। एक व्यक्ति से पिस्टल का भय दिखाकर सवा लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया है। मामला सराय थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सीवान के सराय ओपी थाना क्षेत्र के नवादा गांव के रहने वाले श्रीराम यादव मोटर साइकिल से किसी को एक लाख 35 रुपये देने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका लड़का बाहर रहता है। उसी ने यह पैसा अपने रिश्तेदार को देने के लिए भेजा था। उसी क्रम में श्रीराम यादव अभी सराय थाना क्षेत्र के ही बड़का गांव पहुंचे थे कि रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने पिस्टल एवं चाकू का भय दिखाकर उनसे पैसे लूटने लगे। उसके बाद पीड़ित ने लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और पैसे लूटकर फरार हो गए।
यह घटना बुधवार की देर रात्रि करीब 11 बजे के आसपास की बताई जा रही है। वहीं, पीड़ित श्रीराम यादव को राहगीरों ने इलाज हेतु सीवान अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है और जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस
सवा लाख लूट मामले में सराय ओपी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित एक लाख 35 हजार रुपये लूट की बात बता रहा है। मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।