Bihar News: ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर सोमवार को ग्रामीण सड़क पर उतर गए और हेचरी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया।
सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के रामपुर, चंदन छपरा, ज्यादि टोला और पुरैना बाजार स्थित पांच हेचरी फार्म से उठ रही बदबू से ग्रामीण परेशान हो गए। लोगों का कहना है कि पूरे गांव में दुर्गंध फैलने से चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। हवा के जरिए हर तरफ बदबू फैल रही है और इससे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गंदगी की वजह से पानी भी पीने लायक नहीं रह गया है और बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर सोमवार को ग्रामीण सड़क पर उतर गए और हेचरी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थिति बेकाबू हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और एक एएसआई घायल हो गए। घायल एएसआई का इलाज चल रहा है।