गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन पेट्रोल पंप के पास रविवार दोपहर एक चलती ट्रैक्टर ट्रॉली में अचानक भीषण आग लग गई। घटना एनएच-531 (गोपालगंज-मीरगंज मार्ग) पर हुई, जब चालक मिट्टी खाली कर ट्रैक्टर ट्रॉली से अपने घर लौट रहा था।
अचानक ट्रैक्टर के इंजन से धुआं निकलता देख चालक ने सतर्कता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। चालक के कूदते ही बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी और आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में ट्रैक्टर ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पढ़ें: पटना के थाने से जब्त शराब गायब, महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित; जानें क्यों?
स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मी राजीव रंजन कुमार अपनी टीम के साथ आग बुझाने में जुटे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह जल चुकी थी।
ट्रैक्टर ट्रॉली उचकागांव थाना क्षेत्र के साहेब राय टोला निवासी अच्छेलाल प्रसाद की बताई जा रही है, जिसे उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले खरीदा था। चालक के अनुसार, आग लगने की वजह इंजन में वायरिंग के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग काफी देर तक मौके पर जुटे रहे।