विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गोपालगंज जिले के थावे थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की रात अमैठी और कबिलासपुर गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमैठी गांव निवासी संतोष प्रसाद के घर से एक बक्से में रखे करीब एक करोड़ रुपए नकद बरामद किए। इसके साथ ही कई बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पैसे के स्रोत की जांच शुरू कर दी गई है। संतोष प्रसाद समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है।
पढे़ं; नॉमिनेशन से पहले जदयू का दांव, सबा जफर का टिकट कटा; पूर्व सांसद साबिर अली बने नए प्रत्याशी
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई विधानसभा चुनाव के दौरान अवैध धन के इस्तेमाल की संभावना को ध्यान में रखते हुए की गई है। फिलहाल बरामद रकम को जब्त कर थावे थाने में सुरक्षित रखा गया है और आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
जैसे ही एक करोड़ रुपए बरामद होने की खबर मीडिया के माध्यम से फैली, जिले में हड़कंप मच गया। लोग यह जानने को उत्सुक दिखे कि इतनी भारी नकदी आखिर किस उद्देश्य से रखी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस रकम का उपयोग चुनाव में किया जा सकता था। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।