सारण जिले में सावन माह की पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार की देर रात रिविलगंज थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर हुआ। मृतकों की पहचान जनता बाजार थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी दीपक कुमार साह और दीपक कुमार मांझी के रूप में हुई है। दोनों आपस में गहरे दोस्त थे और एक साथ बिहार पुलिस की तैयारी कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावन के पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं का जत्था सेमरिया घाट स्थित सरयू नदी से जल लेकर जनता बाजार स्थित बाबा ढोढनाथ मंदिर जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक ट्रक को देखकर उनकी वाहन असंतुलित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गई।
हादसे में दीपक कुमार साह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार मांझी को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पढ़ें: फ्रेंच बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2025: उजबेकिस्तान रवाना हुई भारतीय टीम, बिहार से तीन खिलाड़ी व एक कोच शामिल
घटना की पुष्टि करते हुए मृतक दीपक साह के भतीजे अंटू कुमार ने बताया कि हादसा रात के समय हुआ जब कांवड़ियों का समूह ट्रक की तेज रोशनी और गति से घबरा गया। इसी दौरान नियंत्रण खोने से उनकी गाड़ी पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना पर रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
एक साथ दो युवाओं की असमय मौत से दयालपुर गांव और जनता बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों की दोस्ती इतनी गहरी थी कि साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते थे और साथ ही बाबा भोलेनाथ की भक्ति में डूबे थे। अब दोनों की अर्थी भी एक साथ उठी, जिससे गांव के हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सावन के इस पावन महीने में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है, लेकिन सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते, जिससे ऐसे हादसे होते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज आदि खंगाले जा रहे हैं।