सीवान। जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में शनिवार को एक युवक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पहले युवक को रस्सी से पेड़ में बांधकर बंधक बनाया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान शिवराजपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शहजाद अली के रूप में हुई है।
सुबह घर से बुलाकर ले गए, शाम को मिली हत्या की सूचना
मृतक की पत्नी मोबिना खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि शनिवार सुबह गांव के अमित चौधरी, प्रमेन्द्र मांझी, छट्ठू मांझी, अवधकिशोर चौधरी, गुड्डू मांझी, राजन चौधरी, मंटू कुमार समेत आठ लोग उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि सभी लोग शहजाद अली को अपने साथ बुलाकर ले गए। कुछ समय बाद किसी व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि शहजाद को रस्सी से पेड़ में बांध दिया गया है और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बड़हरिया थाना अध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
हत्या से इलाके में फैला तनाव
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है। थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी मोबिना खातून के आवेदन के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहजाद अली की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।