कहां और कैसे हुआ हादसा?
घटना पचरुखी थाना क्षेत्र के जीओ पेट्रोल पंप के समीप की है, जहां एक टेंपो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
यूपी के रहने वाले थे मृतक
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच निवासी आर्या कुमारी और वैद्यनाथपुर मठिया निवासी अजय प्रसाद के पुत्र सुमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों झांकी पार्टी के सक्रिय सदस्य थे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते थे।
घायलों की जानकारी
घायलों में टेंपो चालक कुशीनगर निवासी जमीर अहमद, झांकी टीम के सदस्य गोलू कश्यप, संदीप कुमार, बलवंत पांडे, हीरालाल चौधरी, मधु कुमारी, सूरज कुमार और नागेंद्र पांडे की पुत्री जानवी पांडे शामिल हैं। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के संबंध में टेंपो चालक जमीर अहमद ने बताया कि सभी लोग गोरखपुर के पिपराइच स्थित “राधे-राधे जागरण एवं झांकी ग्रुप” से जुड़े हैं और सारण जिले के एकमा में कार्यक्रम कर लौट रहे थे।
क्या रही हादसे की वजह?
ड्राइवर के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रक बिना किसी संकेतक लाइट के खड़ा था। टेंपो चालक जैसे ही उसे पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से तेज गति से आ रहे एक अन्य ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इस अचानक हुई टक्कर से टेंपो में सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढ़ें:
दो पत्नियों के झगड़े में मदरसा शिक्षक बना जल्लाद; पहली बीबी को उतारा मौत के घाट, बेटी बनी गवाह
पुलिस की कार्रवाई
पचरुखी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद एक ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।