समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत केजिया गांव में इंटरमीडिएट की छात्रा सोनम कुमारी की सोमवार सुबह सरेराह हत्या की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की मां संगीता देवी ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया कि एक दिन पूर्व रविवार को उनकी पुत्री सोनम को शादी करने का दबाव देते हुए जान से मारने की धमकी मिली थी। आरोप है कि शादी से इंकार करने पर गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों की मदद से सोमवार अल सुबह बीच सड़क पर उसे गोलियों से छलनी कर दिया। उधर, घटना के बाद पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
स्कूल जाते समय बीच सड़क पर बरसाईं गोलियां
समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी उमेश की पुत्री और इंटरमीडिएट की छात्रा सोनम कुमारी सोमवार अल सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर रोज की तरह पैदल विद्यालय के लिए निकली थी। लेकिन केजिया गांव के पास स्थित मलंग स्थान के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि उसे नजदीक से चार गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की मां संगीता देवी ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया कि घटना से एक दिन पहले बेटी को शादी करने का दबाव बनाते हुए धमकी दी गई थी। आरोप है कि शादी से इंकार करने पर गांव के ही एक युवक ने सोमवार अल सुबह इस वारदात को अंजाम दिया। अब इस हत्याकांड की जांच का केंद्र शादी का दबाव और कथित प्रेम प्रसंग बन गया है। मृतका की मां ने गांव के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लगातार शादी का दबाव बना रहा था। बेटी के मना करने पर उसने पहले धमकी दी और फिर हत्या की घटना को अंजाम दे दिया।
24 घंटे में धमकी से हत्या तक, क्या यही है सबसे बड़ा सुराग?
परिवार के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले एक युवक ने सोनम को शादी के लिए धमकी दी थी। अगले ही दिन सुबह स्कूल जाते समय उसे रास्ते में रोककर गोली मार दी गई। यही वजह है कि पुलिस अब कथित धमकी, संभावित प्रेम प्रसंग और हत्या के बीच हर कड़ी की जांच कर रही है।
पुलिस को मौके से मिले चार खोखे
जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से चार खोखे बरामद किए गए। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन, संदिग्धों की गतिविधियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की भी जांच की जा रही है।
'आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी'
छात्रा की हत्या के बाद गांव में मातम के साथ भारी उबाल है। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े छात्रा की हत्या ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
'अहम सुराग मिले हैं, जल्द होगा खुलासा'
सहायक पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
किन सवालों के जवाब तलाश रही है पुलिस?
पुलिस अब कई अहम बिंदुओं पर जांच कर रही है। क्या आरोपी पहले से सोनम का पीछा कर रहा था? क्या धमकी और हत्या के बीच कोई सीधा संबंध है? वारदात में कितने लोग शामिल थे? घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया? मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड क्या बताते हैं? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तलाश रही है।
यह भी पढ़ें:
1100 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी
'इंकार' की सजा या हत्या की कोई और वजह?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह हत्या शादी से इंकार के बाद दी गई कथित धमकी का नतीजा है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह छिपी है। चार गोलियों से हुई इस हत्या के पीछे की सच्चाई पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल परिजनों का दावा है कि यह 'इंकार' की सजा थी, जबकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।