पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर-बगहा रेलखंड पर रेलवे ट्रैक से कटकर एक जंगली भालू की मौत हो गई। घटना के बाद करीब दो घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रैक से शव हटाया गया, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सका।
रेलवे ट्रैक पर मिला भालू का शव, मची हलचल
जानकारी के अनुसार, यह घटना नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर वाल्मीकिनगर और बगहा स्टेशन के बीच अड़गणना टोला के समीप हुई। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर भालू का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग और रेलवे प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनों के पहिए थमे
भालू के ट्रैक पर पड़े होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर रेल परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भी कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
शव हटाने के बाद दो घंटे में बहाल हुआ परिचालन
वन विभाग की टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद भालू के शव को ट्रैक से हटाया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक का निरीक्षण किया और रेल परिचालन को पुनः बहाल कर दिया। लगभग दो घंटे बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो सका।
यह भी पढ़ें:
1100 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी
किस ट्रेन की चपेट में आया भालू? जांच जारी
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भालू किस ट्रेन की चपेट में आया। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि भालू रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा। घटना के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जंगल से सटे रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।