बिहार के चर्चित नेता और लालू सादव के साले साधु यादव अब अपनी बहन राबड़ी देवी के खिलाफ सारण सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। वे अब महाराजगंज सीट से चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर मैंने अपना निर्णय बदल लिया है। जनता ने मुझसे महाराजगंज से लड़ने की इच्छा जताई और मैं मना नहीं कर पाया।
आपको बता दें कि महाराजगंज सीट भी सारण जिले में ही आती है। अब साधु के मैदान से हट जाने के बाद राबड़ी देवी का मुकाबला भाजपा के राजीव प्रताप रूडी से होगा। सारण में सात मई को चुनाव होने हैं।
इससे पहले निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर साधु यादव ने सारण से चुनाव लड़ने की बात कही थी। राबड़ी ने उनको अपना भाई मानने से इंकार कर दिया था और लालू ने भी गुस्सा जताया था।
गौरतलब है कि साधु यादव की छवि एक बेहद दबंग और बाहुबली नेता की रही है। 2009 में साधु को आरजेडी का टिकट नहीं मिला तो उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था लेकिन उनके हिस्से में आई हार।
2009 में उन्होंने कहा था कि लालू और उनके परिवार ने बिहार में 15 साल शासन किया लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला।
पिछले काफी दिनों से वे मोदी की तारीफ कर रहे थे, उन्होंने मोदी से मुलाकात भी की लेकिन बीजेपी ने अपने दरवाजे उनके लिए नहीं खोले।