रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा लेवल-1 के विभिन्न पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) फेज-1 का आयोजन 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने जयनगर-लखनऊ तथा राजगीर-वाराणसी के बीच एक-एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इसके साथ ही श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अशोकधाम स्टेशन पर छह जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी प्रदान किया गया है।
RRB अभ्यर्थियों के लिए चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन
पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03203 जयनगर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे जयनगर से रवाना होगी। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया और नरकटियागंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 10:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में 03204 लखनऊ-जयनगर परीक्षा स्पेशल 5 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे लखनऊ से प्रस्थान कर निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 12 शयनयान (स्लीपर) और 2 एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।
राजगीर-वाराणसी के बीच भी मिलेगी विशेष सुविधा
इसी तरह गाड़ी संख्या 03205 राजगीर-वाराणसी परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त को शाम 6:30 बजे राजगीर से खुलेगी। यह नालंदा, बिहारशरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर और डीडीयू स्टेशन होते हुए अगले दिन तड़के 3:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में 03206 वाराणसी-राजगीर परीक्षा स्पेशल 5 अगस्त को शाम 7 बजे वाराणसी से रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 5 बजे राजगीर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 14 शयनयान और 2 एसएलआरडी कोच लगाए गए हैं।
श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दानापुर मंडल के अशोकधाम स्टेशन पर तत्काल प्रभाव से छह जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें जसीडीह-मोकामा पैसेंजर, दानापुर-साहिबगंज स्पेशल, रक्सौल-देवघर स्पेशल, आसनसोल-पटना स्पेशल, मधुपुर-पटना स्पेशल और आसनसोल-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इससे बाबा भोले के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें:
प्रशांत किशोर बांकीपुर विधायक; वोकल और साइलेंट- दोनों तरह के वोट से जीते
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने अभ्यर्थियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रेलवे द्वारा संचालित इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। रेलवे का उद्देश्य परीक्षा देने वाले छात्रों और श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।