बिहार में सरकारी बंगलों के आवंटन को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास को लेकर भाजपा और जदयू नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजद प्रवक्ता ने कड़े शब्दों में सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सरकारी बंगले भाजपा और जदयू की पुश्तैनी या निजी संपत्ति हैं, जो जब मन चाहे किसी को दे दें और जब मन करे छीन लें?
नियम पक्षपाती होंगे तो बर्दाश्त नहीं करेंगे
राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता बार-बार नियमों का हवाला देते हैं, लेकिन नियम हमेशा पारदर्शी और सबके लिए एक समान होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि नियम पक्षपाती होंगे और चुन-चुन कर निशाना साधा जाएगा, तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। भाजपा और जदयू के नेता इस तरह बयानबाजी कर रहे हैं मानो सरकारी संपत्तियों पर उनका ही एकाधिकार या मालिकाना हक हो।
यह खबर भी पढ़ें-यह खबर भी पढ़ें-Bihar : बिहार में बंगला पॉलिटिक्स, मंत्री का छलका दर्द; कहा- दलित का बेटा हूं, इसलिए खाली नहीं हो रहा आवास
राबड़ी देवी के बहाने सरकार की नीयत पर उठाए सवाल
राजद ने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को अध्यक्ष आवास के रूप में वही बंगला आवंटित कर दिया गया, जिसमें वे पहले से रह रहे थे। इसी तरह उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को भी वही बंगला दे दिया गया, जिसमें वे पहले से रहते आ रहे हैं। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने सवाल उठाते हुए पूछा कि जब इन नेताओं के मामले में पुराने बंगले बरकरार रखे जा सकते हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड के बदले दूसरा आवास आवंटित करने का क्या औचित्य है? उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लड़ाई किसी बंगले की नहीं, बल्कि सरकार की खोट भरी नीयत और उसकी घटिया राजनीति के खिलाफ है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : मां के बयान के साथ खड़ी हुई रोहिणी, तुगलकी बयान और दबंगई कह बिहार में बताया प्रतिशोध मॉडल
जनता की गाढ़ी कमाई से मंत्रियों का ऐशो-आराम
सरकार को घेरते हुए राजद प्रवक्ता ने कहा कि जितने भी सरकारी बंगले हैं, वे जनता की गाढ़ी कमाई से बने हैं और उन्हीं के पैसों से इनका रखरखाव होता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नीतीश कुमार के लिए अलग से 7, सर्कुलर रोड का आलीशान बंगला रखा गया है। इसके अलावा सरकार के लगभग सभी मंत्रियों को दो-दो आवास दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग एक मंत्री के नाते और दूसरा विधानमंडल सदस्य के रूप में दो-दो बंगला कब्जा कर रखे हुए हैं। राजद का सीधा आरोप है कि जनता के टैक्स का पैसा विकास कार्यों में लगने के बजाय सत्ताधारी नेताओं के ऐशो-आराम और सुख-सुविधाओं पर पानी की तरह बहाया जा रहा है, जिसे बिहार की जनता भली-भांति देख रही है।