बिहार में विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक चेतन आनंद ने कोरोना काल के दौरान जनता की मदद अपने वेतन से करने की घोषणा की है। राजद विधायक ने शनिवार को कहा कि मैं अपने वेतन का उपयोग मास्क, सैनिटाइजर और दवाओं समेत अन्य जरूरी सामान खरीदने में करेंगे। वहीं, अपने खर्च के बारे में उन्होंने कहा कि मैं अपना गुजारा मां लवली आनंद से मिलने वाली पॉकेट मनी से कर लूंगा।
राजद विधायक ने कोरोना वायरस को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस समय सभी को विशेष तौर पर सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा शारीरिक दूरी का पालन करना और मास्क पहनना मजबूरी नहीं बल्कि जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत कोरोना जांच कराने, कोरोना के खिलाफ टीका लगवाने और लॉकडाउन ने नियमों का पूरा पालन करने का अनुरोध किया।