राजद नेता तेजप्रताप यादव ने अपने ट्विटर पर शेयर किया कार्टून
- फोटो : Twitter
राजद नेता तेजप्रताप यादव ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान को चेतावनी दी है। तेजप्रताप की मां और पूर्व सीएम राबड़ी देवी पर रामविलास पासवान द्वारा पिछले दिनों की गई टिप्पणी पर उन्होंने राबड़ी देवी द्वारा पाठ पढ़ाए जाने के लिए तैयार रहने को कहा है।
मालूम हो कि पिछले दिनों राम विलास पासवास ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व सीएम राबड़ी देवी को लेकर टिप्पणी की थी कि बिहार में तो बिना पढ़े-लिखे अंगूठा छाप लोग भी सीएम बन जाते हैं। हालांकि उन्होंने राबड़ी देवी का नाम नहीं लिया था, बल्कि पूर्व सीएम शब्द का प्रयोग किया था।
मंगलवार को तेज प्रताप यादव ने अपने ट्विटर एकाउंट पर एक कार्टून शेयर किया है। इस कार्टून में खुद को शेर और अपनी मां राबड़ी को देवी दुर्गा का स्वरूप बताते हुए राम विलास पासवान को कथित तौर पर दानव महिषासुर का स्वरूप बताया गया है।
लिखा- मौकापरस्त नेताओं की क्या औकात
तेजप्रताप ने अपने ट्विटर एकाउंट पर कार्टून शेयर करते हुए लिखा है कि नारी जन्म देती है, ममता देती है और माफ भी कर देती है लेकिन इतिहास साक्षी है कि नारी का अपमान करने वाले बड़े - बड़े रावण और दुर्योधन भी नहीं बचे तो इन मौकापरस्त नेताओं की क्या औकात है...?
मालूम हो कि राबड़ी देवी पर टिप्पणी के बाद रामविलास पासवान की बेटी और राजद नेता अनिल साधु की पत्नी आशा पासवान ने आपत्ति जताते हुए धरना दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी मां को पिता रामविलास ने इसलिए छोड़ा, क्योंकि वह अनपढ़ थी।
उन्होंने कहा था कि राबड़ी देवी पर उनके पिता की टिप्पणी से उन्हें दु:ख पहुंचा है। आशा ने अपने पिता से इस मामले में माफी की मांग की थी।