बिहार में मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर बना रहा था रील्स, ऐसा झुलसा कि जिंदगी पर आफत
- फोटो : AMAR UJALA DIGITAL
औरंगाबाद में मालगाड़ी पर चढ़कर रिल्स बनाने के चक्कर में एक किशोर 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड बिजली के तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना औरंगाबाद के रफीगंज स्टेशन के पास की है जब एक किशोर मालगाड़ी पर चढ़कर रिल्स बना रहा था। रिल्स बनाने के दौरान किशोर उपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड वायर के संपर्क में आ गया। वायर के चपेट में आते ही किशोर को बिजली का जोरदार झटका लगा। झटका लगते ही युवक गिर पड़ा। पास में मौजूद स्थानीय लोगों एवं रेल पुलिस बल(आरपीएफ) के जवानों ने हादसे को देखते ही किशोर को आनन-फानन में इलाज के लिए रफीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया है। घायल किशोर चरकावा निचली डीह निवासी मो. मंसूर का 12 वर्षीय पुत्र मो. समीर बताया जाता है।
क्या कहते हैं डॉक्टर
किशोर का रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करनेवाले चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार का कहना है कि किशोर का पूरा शरीर जल चुका है। प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया है।
आरपीएफ के एक जवान ने किया था मना
प्रत्यक्षदर्शी आरपीएफ के एक जवान का कहना है कि मो. समीर ओवरब्रिज के पास लूप लाइन में खड़े मालगाड़ी पर चढ़कर रिल्स वीडियो बना रहा था। उस जवान ने उसे ऐसा करने से उसे मना भी किया लेकिन समीर नहीं माना। तब जवान नजदीक जाकर उसे डांट फटकार करने लगा। इसी क्रम में वह 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड बिजली के तार की चपेट में आ गया। घटना के वक्त समीर के साथ उसके दो दोस्त भी थे, जो हादसा होते ही मौके से भाग खड़े हुए । बहरहाल यह हादसा रिल्स बनाने का शौक पालने वाले किशोरो और युवाओं के लिए एक सबक है। सबक यह है कि वें रिल्स बनाकर हीरो जरूर बने लेकिन मौज में मौत को न भूले, इसका ख्याल रखे।