राज्यपाल को भगवान राम और हनुमान की तस्वीर भेंट की गई।
- फोटो : अमर उजाला
आज रामनवमी है। पूरे बिहार में गलियों, चौक-चौराहों से श्रीराम के जयकारें की गूंज है। आज का दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है और विशेष रूप से भगवान श्रीराम की पूजा की जाती है। पटना में बीती मध्य रात्रि दो बजे महावीर मंदिर के पट खोल दिया गया। श्रद्धालु करीब लंबी-लंबी कतारों में लगकर भगवान के दर्शन के लिए तैयार थे। ढोल-नगाड़े के साथ भगवान राम और हनुमान जी की आरती हुई। इधर, दोपहर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। यहां सांसद शांभवी चौधरी और उनके पति सायन कुणाल ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल भगवान की आरती में भी शामिल हुए। राज्यवासियों के उन्होंने दुआ मांगी और सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। इसी दौरान उन्हें भगवान राम और हनुमान जी की तस्वीर भेंट की गई।
महावीर मंदिर का पट आज श्रद्धालुओं के लिए रात 12 बजे तक खुला रहेगा। इस बार इस बार मंदिर परिसर के अंदर भीड़ न हो, इसलिए मंदिर के बाहर नैवेद्यम लड्डू के 13 काउंटर बनाए गए हैं। भगवान के प्रसाद के लिए 25 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किए गए हैं। मंदिर के अंदर स्थित स्थायी नैवेद्यम काउंटर रामनवमी के दिन बंद कर दिया गया है।
800 से अधिक स्वयंसेवकों की तैनाती
महावीर मंदिर प्रशासन ने बतया कि आज करीब पांच
लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। खास बात यह है कि केवल दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं (जिनके पास प्रसाद और माला नहीं होगी) को सुबह नौ बजे से 11 बजे तक दर्शन की अलग सुविधा दी जा रही है। यह व्यवस्था पूर्वी प्रवेश द्वार से होगी, जिससे भीड़ नियंत्रण में रहेगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आस-पास के इलाके में 800 से अधिक स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। बैरिकेडिंग इस बार विशेष तौर पर स्टील पाइप से की गई है ताकि सुरक्षा पुख्ता और टिकाऊ रहे। बीर कुंवर सिंह पार्क और जीपीओ के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।