भारतीय रेलवे और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के बीच हाथापाई का एक वीडियो सोशल मीडिया में सामने आया है। इसमें पीड़ित शख्स रेल के ही कैरिज और वैगन विभाग में कार्यरत है। यह घटना पटना जंक्शन की है। कर्मचारी ने अपनी शिकायत में कथित तौर पर आरोप लगाया है कि मैं महिला कोच के सामने अपनी बहन को छोड़ने के लिए खड़ा था। तभी कॉन्सटेबल ने उन्हें यह कहते हुए थप्पड़ मार दिया कि वह कोच के अंदर जाना चाहते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वीर अर्जुन कुमार निराला नामक शख्स रेलवे में कर्मचारी हैं और वह अपनी बहन को पटना जंक्शन गाड़ी में बैठाने के लिए आए थे। उन्हें महिला बोगी में बैठाकर वह सामने गाड़ी खुलने का इंतजार कर रहे थे लेकिन पटना जंक्शन पर तैनात जीआरपी के हवलदार शब्बीर खान ने उनसे आकर पूछा की यहां महिला बोगी के सामने क्या कर रहे हो तो पीड़ित ने जवाब दिया कि बहन को गाड़ी पर चढ़ाने आया हूं और गाड़ी खुलने का इंतजार कर रहा हूं। मगर जीआरपी हवलदार ने उनकी एक ना सुनी और दो तीन थप्पड़ लगाकर कहा कि भागो तुम महिला बोगी में जाने के लिए यहां पर खड़ा हो।
पीड़ित ने उन्हें बताया कि वह कहीं नहीं जाने वाला है और वह खुद एक रेलवे कर्मचारी है तो हवालदार ने गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और पिटाई कर दी। इसके बाद जेल में बंद करने की धमकी देने लगा। इस घटना की लिखित शिकायत पीड़ित ने जीआरपी को दी है और वरीय अधिकारियों से गुहार लगाई है कि उसके साथ इंसाफ दिया जाए।