जिले के हरदा बाजार स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सवेरा एनजीओ की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में देह व्यापार से जुड़ी पांच महिलाओं और नौ ग्राहकों को हिरासत में लिया गया, जबकि दो नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। बरामद नाबालिगों में एक मुजफ्फरपुर जिले की भी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देह व्यापार के लिए बाहर से लड़कियों को लाया जा रहा है। इसके बाद एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ कौशल किशोर कमल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में मरंगा थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह, महिला थाना पुलिसकर्मी और सादे लिबास में अन्य जवान शामिल थे।
पढ़ें; रक्षाबंधन के दिन भाई की मौत, दुर्गावती नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव
पुलिस टीम और सवेरा एनजीओ के सदस्य अचानक हरदा बाजार पहुंचे और कई घरों में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही कई लोग भागने लगे, लेकिन खदेड़कर कई लोगों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मरंगा थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह ने बताया कि छापेमारी में कई महिला और पुरुष हिरासत में लिए गए हैं। सभी से बारीकी से पूछताछ की जा रही है, ताकि देह व्यापार से जुड़े बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।