पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के चिकनी डुमरिया नर्सरी टोला में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान केनगर थाना क्षेत्र के काझा बनियापट्टी निवासी राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार देर रात स्थानीय नदी से बोरे में बंद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, मामले का खुलासा मृतक के मासूम बेटे के बयान से हुआ। पिता के अचानक लापता होने के बाद बच्चे ने घर में हुई घटनाओं और मां तथा ननिहाल पक्ष के लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी स्वजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सरसी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
मृतक के भाई का आरोप है कि राजेंद्र यादव की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से कथित प्रेम संबंध था। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से पत्नी ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर राजेंद्र की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि गुरुवार को लोहे की जंजीर से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।
पढे़ं: '27 साल सिर्फ भाषण और खोखले वादे', शहीद विशुनी राय के परिजनों का छलका दर्द, आज भी अधूरी हैं घोषणाएं
आरोप है कि हत्या के बाद शव को एक बोरे में बंद किया गया। शव को नदी में डुबाने के लिए दूसरे बोरे में मिट्टी भरकर दोनों को बांध दिया गया और नदी में फेंक दिया गया, ताकि शव बह जाए या पानी में दबा रहे। वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल फोन कोसी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में फेंक दिया गया, जिससे यह लगे कि वह कहीं बाहर चला गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी, सास, ससुर, साला और साढ़ू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने क्षेत्र के एक जिला परिषद सदस्य पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
सरसी थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।