छापेमारी के दौरान पकड़े गए आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले में बंगाल और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए भूमिगत मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। यह अवैध गन फैक्ट्री जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत इटहरी पंचायत के हरिपुर गांव (वार्ड नंबर-1) में एक घर के अंदर जमीन के नीचे बने तहखाने में संचालित की जा रही थी। सोमवार को कोलकाता एसटीएफ और बिहार एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त छापेमारी कर इस अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया और मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तहखाने में चल रहा था हथियार बनाने का खेल
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हरिपुर गांव में अचानक धावा बोलकर चिह्नित घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो जमीन के नीचे बने गुप्त तहखाने में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जेसीबी मशीन बुलवाई और गन बनाने वाली सभी मशीनों को उखाड़कर तथा तोड़कर जब्त कर लिया। कारखाने से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
परिवार के लोग ही चला रहे थे अवैध नेटवर्क
यह अवैध मिनी गन फैक्ट्री हरिपुर गांव निवासी सुरेंद्र मंडल के घर में संचालित की जा रही थी। बताया जाता है कि सुरेंद्र मंडल के पुत्र गब्बर मंडल, मिट्ठू मंडल और उनके दामाद रूपेश मंडल इस पूरे अवैध नेटवर्क के मुख्य सरगना और संचालक हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से वीर हमीद चौक (मुंगेर) निवासी आफताब आलम, अनवर खान और स्थानीय संचालक गब्बर मंडल को गिरफ्तार किया। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई है, हालांकि सुरक्षा और आगे की जांच को देखते हुए पुलिस ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
ये भी पढ़ें:
इस पुल पर गाड़ी ले जाने से पहले डर जरूरी है! पांच पिलर झूल रहे; कहां है यह पुल?
STF की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
मौके पर मौजूद धमदाहा थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने मिनी गन फैक्ट्री के खुलासे की पुष्टि करते हुए बताया कि कोलकाता एसटीएफ और बिहार एसटीएफ की टीम ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यहां निर्मित हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं।