ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को लेकर शुरू किया विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले के के.नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलारिकाबंग के अंबेडकर नगर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां गांव की नाबालिग और गरीब लड़कियों का शादी के नाम पर सौदा किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति संतोष राम उर्फ नीरज राम बीते पांच वर्षों से इस गोरखधंधे में संलिप्त है। वह शादी के नाम पर भोली-भाली लड़कियों और उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर उन्हें बंगाल के लड़कों को बेच देता है।
शादी के नाम पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त
स्थानीय लोगों ने बताया कि संतोष राम गरीब परिवार की लड़कियों को ‘खुशहाल जीवन’ का झांसा देकर शादी के नाम पर पहले विश्वास जीतता है। इसके बाद वह लड़कियों को बंगाल के अजनबी युवकों के साथ शादी करवा देता है और इसके बदले में दोनों पक्षों से 50 से 70 हजार रुपये की मोटी रकम वसूलता है। इस पूरे सौदे को सामाजिक रूप देने के लिए इसे विवाह का नाम दिया जाता है ताकि कोई कानूनी कार्यवाही न हो सके।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सोन नदी में स्नान के दौरान पिता-पुत्र सहित तीन डूबे, एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी
ग्रामीणों का विरोध, झूठे मुकदमों की धमकी
जब कुछ ग्रामीणों ने इस सौदेबाजी का विरोध किया तो उन्हें डराने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवारों ने बताया कि गांव की कई लड़कियों की शादी के बाद कोई खबर नहीं मिली। एक लड़की ने किसी तरह अपने साथ हुए शोषण की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।
परिवार वालों की आपबीती और कुबूलनामा
संतोष राम के भांजे सुजीत कुमार ने भी माना है कि उसके मामा गांव की लड़कियों की शादी बंगाल के लड़कों से करवाते हैं। यहां तक कि संतोष के बड़े भाई आमोद राम उर्फ सुबोध राम ने भी बताया कि जब उन्होंने इस गलत काम का विरोध किया तो खुद उनके साथ मारपीट की गई। आमोद राम ने कहा कि भाई की करतूतों को लेकर गांव में भारी नाराजगी है और इस मामले में एक वर्ष पहले भी लोगों ने संतोष को गांव से बाहर कर दिया था। बावजूद इसके, उसने अपना ठिकाना बदलकर यह धंधा जारी रखा।
गांव में गहराया डर और असुरक्षा का माहौल
स्थानीय महिला प्रतिनिधि अहिल्या देवी और ग्रामीण रेखा देवी ने बताया कि कई लड़कियों की शादी के बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है। कुछ लड़कियां बंगाल भेजे जाने के बाद कभी लौटकर नहीं आईं। यह मामला अब पूरे गांव के लिए चिंता का कारण बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिलसिला यूं ही चलता रहा तो आने वाले दिनों में गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो ने मौके पर तोड़ा दम; गांव में मचा कोहराम