सार
Bihar News: पूर्णिया के सतडोब गांव में पानी भरे गड्ढे से 50 वर्षीय मछली विक्रेता अर्जुन महलदार का शव मिला। वह मंगलवार से लापता थे। पुलिस ने जांच की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। मामले की जांच जारी है।
पूर्णिया के वार्ड संख्या 44 स्थित सतडोब गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अर्जुन महलदार के रूप में हुई है, जो मछली बेचने का काम करते थे। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंगलवार की शाम से था लापता
परिजनों के अनुसार, अर्जुन महलदार मंगलवार शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने बंद पड़ी मखाना प्रोसेसिंग यूनिट के पास स्थित गड्ढे में उनका शव तैरते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एसआई जयप्रकाश यादव और राजा कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान की गई।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने बताया कि उनके पिता रात तक घर नहीं लौटे थे और काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। बाद में उनका शव घर के पास ही मिला। परिजनों ने किसी भी कानूनी प्रक्रिया में न उलझने के लिए पोस्टमार्टम कराने से लिखित रूप से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें-
मुजफ्फरपुर में बनेगी बड़ी टेक्सटाइल इकाई, 30 करोड़ के निवेश से मिलेगा 1500 लोगों को रोजगार
गांव में पसरा मातम
मृतक अपने पीछे चार बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार और गांव में गहरा शोक है। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।