पूर्णिया जिले से रूह कंपा देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। करीब छह युवकों ने न केवल युवती का अपहरण किया, बल्कि उसे जबरन शराब पिलाकर पूरी रात दरिंदगी की। फिलहाल पीड़िता की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और वह पूर्णिया जीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। घटना डगरूआ थाना क्षेत्र स्थित बरियार चौक स्थित जया ट्रेडर्स में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से जया ट्रेडर्स के संचालक मो. जुनैद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लड़की नेवललाल चौक से पैदल ही अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन पर सवार छह युवकों ने उसे रास्ते में ही रोक लिया। विरोध करने पर युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया और शोर मचाने से रोकने के लिए उसका मुंह बंद कर दिया। आरोपी उसे लेकर बरियार चौक स्थित जया ट्रेडर्स के एक सुनसान कमरे में पहुंचे, जहां उसे बंधक बना लिया गया। दरिंदगी की हदें तब पार हो गई जब आरोपियों ने युवती को जबरदस्ती शराब पिलाई। फिर नशे और ताकत के जोर पर सभी 6 आरोपियों ने युवती से बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।