सार
पूर्णिया के चम्पानगर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासन टीम पर कब्जाधारियों ने तीर और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। ग्रामीण पुलिसकर्मी शंकर पासवान की गर्दन में तीर लगा। आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए, इलाके में तनाव कायम है।
घटनास्थल पर अतिक्रमण खाली कराने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले के चम्पानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा प्रसादपुर में एक बड़ी और हिंसक वारदात सामने आई है। यहां कोर्ट और प्रशासन के आदेश पर एक कीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने गई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चम्पानगर थाना में पदस्थापित ग्रामीण पुलिस शंकर पासवान की गर्दन में तीर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा करीब आधा दर्जन अन्य पुलिसकर्मी भी तीर और ईंट-पत्थर लगने से जख्मी हुए हैं। घायल ग्रामीण पुलिस शंकर पासवान को तुरंत श्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, केनगर अंचल के मौजा प्रसादपुर (खाता संख्या 67, खेसरा 181, रकबा 11.28 एकड़) जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत थी। यह जमीन मरंगा थाना क्षेत्र के विक्रमपट्टी कवैया (वार्ड 04) निवासी सुधीर ऋषि की है। इस कीमती जमीन पर काफी समय से श्रीनगर थाना क्षेत्र के चरैया रहिका मलिनिया कामत निवासी रंजना देवी (पति बिजेंद्र ऋषि) और अन्य 28 लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था।
पढ़ें; विधान परिषद् चुनाव में दोनों तरफ रार, राजद में परिवार के अंदर बवाल, NDA में दलों के अंदर सवाल-दर-सवाल
प्रशासनिक आदेश के तहत इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद करीब पांच दर्जन महिला व पुरुष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे थे। टीम जैसे ही जमीन को खाली कराने की कानूनी कार्रवाई में जुटी, वैसे ही अतिक्रमणकारियों ने भारी विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते अतिक्रमणकारी तीर, धनुष, भाला, लाठी और ईंट-पत्थरों जैसे पारंपरिक हथियारों से लैस होकर पुलिस बल पर टूट पड़े। इस अचानक हुए हमले में ग्रामीण पुलिस शंकर पासवान के गले में तीर धंस गया और कई अन्य पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा। मौके से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित सात हमलावर अतिक्रमणकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमित भूमि की घेराबंदी कर दी है और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।