पूर्णिया के थाना चौक से काला भवन रोड स्थित बेहद संवेदनशील क्षेत्र में गुरुवार शाम बिजली के तारों से उठी चिंगारी ने एक पेड़ में आग लगा दी। आग की लपटों से पेड़ की टहनी टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे लंबा जाम लग गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पूर्णिया के थाना चौक से काला भवन रोड स्थित अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में गुरुवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने अचानक एक पेड़ में आग लगा दी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पेड़ की जलती टहनी मुख्य सड़क पर गिर गई, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। यह घटना गुरुवार रात करीब 7:45 बजे हुई। पेड़ की टहनी गिरने से दो टोटो चालक बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि दिनभर बिजली के पोल से लगातार चिंगारी निकल रही थी, जिसकी सूचना विभाग को दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों के मुताबिक, इसी चिंगारी के कारण पेड़ में आग लगी और आग के गोले निकलने लगे। बाद में रात 7:45 बजे पेड़ की एक बड़ी टहनी टूटकर सड़क पर गिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान सड़क पर गिरी टहनी की वजह से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में हाट थाना पुलिस ने पहुंचकर पेड़ की टहनी को हटवाया और यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बिजली विभाग के रखरखाव को लेकर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है, जहां जज कॉलोनी, एएसपी आवास और कई थाने मौजूद हैं, फिर भी बिजली विभाग सही तरीके से मेंटेनेंस नहीं करता। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।