कटिहार जिले के बलरामपुर विधानसभा के चापाखोर गांव में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर और माले विधायक दल के नेता महबूब आलम को जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच कटिहार जिले से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर और माले विधायक दल के नेता महबूब आलम को शुक्रवार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। दोनों नेता बलरामपुर विधानसभा के चापाखोर गांव पहुंचे थे, जहां जनता ने विकास के मुद्दे पर उन्हें घेर लिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस सांसद तारिक अनवर और माले गठबंधन प्रत्याशी महबूब आलम यहां चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वे जनसमूह के बीच पहुंचे, लोगों ने उनके खिलाफ जबरदस्त नाराज़गी जताई। ग्रामीणों ने दोनों नेताओं की कोई बात नहीं सुनी और उन्हें बेरंग लौटना पड़ा।
बता दें कि बंगाल की सीमा से सटे कटिहार जिले के बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र को बिहार के सबसे अधिक अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में से एक माना जाता है। इस क्षेत्र में वर्षों से कांग्रेस सांसद और माले विधायक को लगातार वोट मिलता रहा है। इसके बावजूद क्षेत्र में विकास न होने पर लोगों का गुस्सा इस बार साफ झलका।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पीढ़ियों से कांग्रेस और माले को समर्थन दिया है, लेकिन अब तक सड़क, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। जनता के इस तीखे विरोध के चलते दोनों नेताओं को प्रचार बीच में ही छोड़कर लौटना पड़ा।