फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: प्रेम-प्रसंग के विवाद ने लिया हिंसक रूप, बंधक युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों का हमला

Fri, 06 Nov 2026 03:51 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

पूर्णिया के भटोत्तर गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को बंधक बना लिया गया। उसे छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने युवक को मुक्त कराकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के भटोत्तर गांव स्थित गोढ़ी टोला में बुधवार रात प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बंधक बनाए गए एक युवक को मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम पर आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद सिपाही समीर अख्तर और शिव कुमार मंडल को भी चोटें आईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बंधक युवक को सुरक्षित मुक्त कराया और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, केहाट थाना क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्षीय ऋषभ राज बुधवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने चुपके से भटोत्तर गांव पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने युवक के घरवालों को इसकी सूचना दी।

बेटे के पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर उसके परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। उन्होंने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है और उसे भटोत्तर गांव में बंधक बनाकर रखा गया है।

विज्ञापन


पढे़ं: 15 साल पुराने लाउडस्पीकर कांड में सीवान कोर्ट पहुंचे लालू यादव, समर्थकों की उमड़ी भीड़

अपहरण की सूचना मिलते ही डायल 112 और बड़हरा कोठी थाने की गश्ती टीम सक्रिय हो गई। पुलिस जांच के लिए भटोत्तर गांव में अनिल साहनी उर्फ विशेश्वर मंडल के घर पहुंची। वहां पूछताछ शुरू होते ही गृहस्वामी और उनके समर्थक उग्र हो गए। देखते ही देखते दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दौरान एसआई मनीष कुमार के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, सिपाही समीर अख्तर और शिव कुमार मंडल भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा कोठी थानाध्यक्ष सन्नी कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और बंधक युवक ऋषभ राज को सुरक्षित मुक्त कराया। इसके बाद घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

बड़हरा कोठी थानाध्यक्ष सन्नी कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को घायल करने के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में 26 लोगों को नामजद और करीब 150 अज्ञात ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से सात आरोपियों बिक्रम, विकास, गोपाल, अमरेंद्र, महेश, कुंदन और सूरज को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें