दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रक और मौके पर मौजूद पुलिस तथा स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना एनएच-327E पर ठाकुरगंज आरओबी के पास हुई, जहां गिट्टी लदे ट्रक को पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बालू लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक वाहन के स्टेयरिंग व सीट के बीच बुरी तरह फंस गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:सड़क हादसे में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत; प्रशासनिक गाड़ी दुर्घटना के बाद भागी, नंबर मिला
क्रेन से हटाया गया ट्रक, रास्ते में चालक की मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही एनएचएआई की रिलीफ टीम और ठाकुरगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया और गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलवा निवासी मोहम्मद दुरुल के रूप में की गई है।
धीमी गति से चल रहे ट्रक से हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलगलिया की ओर से आ रहा गिट्टी लदा ट्रक संकरे रास्ते के कारण धीमी रफ्तार से चल रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रक ने सीधे उसमें टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर में शराबबंदी की पोल खुली, थाने से ही तस्कर को बेची गई जब्त शराब, थानेदार निलंबित
पुलिस बल की तैनाती और दो घंटे तक रहा ट्रैफिक जाम
हादसे के बाद ठाकुरगंज थाना अध्यक्ष मकसूद आलम असरफी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस ने ट्रकों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
ठाकुरगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से संकरे रास्तों की चौड़ाई बढ़ाने और ट्रैफिक नियंत्रण के बेहतर उपाय की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।