बिहार के कटिहार जंक्शन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने स्टेशन पहुंचे एक युवक ने आरोप लगाया है कि दो अज्ञात बदमाश उसे बंदूक की नोक पर स्टेशन से बाहर ले गए। इसके बाद एटीएम से 75 हजार रुपये निकलवाकर उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। हालांकि, रेल पुलिस फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने आया था युवक
जानकारी के अनुसार, आजमनगर निवासी मोहम्मद रेजान राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए कटिहार जंक्शन पहुंचे थे। ट्रेन आने से पहले उन्होंने अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों से फोन पर बात कर अपने बैंक खाते में अलग-अलग रकम ट्रांसफर कराई थी।
कुछ देर बाद उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया कि स्टेशन पर मौजूद दो अज्ञात लोगों ने उन्हें हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि दोनों युवक उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर स्थित एक एटीएम तक ले गए, जहां उनसे करीब 75 हजार रुपये निकलवाए। इसके बाद नकदी और मोबाइल फोन लेकर दोनों फरार हो गए।
परिजन पहुंचे स्टेशन, रेल पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही मोहम्मद रेजान के परिजन कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेल पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पीड़ित के बड़े भाई मोहम्मद परवेज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरा परिवार स्तब्ध है। उनका कहना है कि यदि स्टेशन परिसर से किसी यात्री को इस तरह बाहर ले जाकर लूट की वारदात अंजाम दी गई है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बड़ी पहाड़ी ग्रिड से रोशन होगा तेतरावां पीएसएस, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से मिलेगी राहत
रेल डीएसपी बोले- शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध
रेलवे डीएसपी ए.के. एकेला ने बताया कि मामले की जांच उनके नेतृत्व में की जा रही है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही युवक की गतिविधियों और उसके दावों का मिलान उपलब्ध साक्ष्यों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसलिए जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
हाई सिक्योरिटी स्टेशन पर उठे सुरक्षा के सवाल
कटिहार जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख और हाई सिक्योरिटी स्टेशनों में गिना जाता है। ऐसे स्टेशन से जुड़ा यह दावा चर्चा का विषय बन गया है। अब सभी की नजर रेल पुलिस की जांच पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसके आरोप कितने सही हैं।