पूर्णिया के मीरगंज थाना अंतर्गत किसुन टोली चौक के समीप घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। एक साथ दो युवकों की मौत होने की खबर से गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सरसी थाना क्षेत्र के चंपावती भट्टा चकला निवासी रमेश कुमार (24), पिता सुरेश हेमबरम और विनोद किस्कू पिता तलवा किस्कू के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक रमेश के पिता सुरेश हेमबरम ने बताया कि रमेश और विनोद अपनी बाइक से सरसी मोड़ की ओर जा रहे थे। सुबह के समय घने कोहरे के कारण सामने से आ रहा वाहन दिखाई नहीं दिया। इसी बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। कोहरे का फायदा उठाकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- Bihar: 'जनता हारी और सिस्टम जीता', चुनाव नतीजों पर बोले तेजस्वी; सरकार के पहले 100 दिनों पर टिप्पणी से परहेज
वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज बहुत तेज थी, लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचे, तब तक दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर चुके थे। एक साथ गांव के दो होनहार युवकों की मौत की खबर से चंपावती भट्टा चकला गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग और सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई (पंचनामा) पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि कोहरे के कारण हुई इस दुर्घटना की जांच की जा रही है और फरार वाहन का पता लगाया जा रहा है।