रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
- फोटो : Amar Ujala
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज-अररिया रेलखंड पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तुलसिया हॉल्ट के समीप एक व्यक्ति की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रेलवे ट्रैक पर आया व्यक्ति
जानकारी के अनुसार अररिया की ओर से ठाकुरगंज जा रही एक मालगाड़ी जब तुलसिया हॉल्ट के पास पहुंची, तभी एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर आ गया। मालगाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ट्रेन को समय रहते नहीं रोक सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन को दी सूचना
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे प्रशासन और पुलिस को दी। तुलसिया हॉल्ट के संचालक ने रेलवे कंट्रोल रूम और जीआरपी को जानकारी दी, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान सतकौआ पंचायत के नयनभिट्ठा गांव निवासी 38 वर्षीय रामेश्वर गणेश के रूप में हुई है। वह अनूप लाल गणेश के पुत्र थे। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।
ये भी पढ़ें-
RAS Officers Transfer: आरएएस अधिकारियों के तबादले, घूसकांड से घिरे बीज निगम का जिम्मा संभालेंगे गौरव चतुर्वेदी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला आत्महत्या से जुड़ा हो सकता है, जबकि जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।