नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही जब कानून तोड़ने लगें, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पूर्णिया जिले के के हाट थाना क्षेत्र में इसी तरह की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां अवैध वसूली के आरोप में एक दरोगा सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो बीएमपी जवान और एक प्राइवेट चालक भी शामिल हैं। आरोप है कि ये चारों पुलिसकर्मी गश्त के दौरान एक वाहन सवार युवक को रोककर जबरन पैसे वसूल रहे थे। जैसे ही यह मामला सामने आया, पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर दरोगा समेत सभी आरोपियों को निलंबित कर दिया और उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच प्रारम्भ की गई। इस मामले में प्राप्त साक्ष्यों व सबूतों के आधार पर अनुवर्ती कार्रवाई करते हुए गश्ती पुलिस गाड़ी का निजी चालक अमन कुमार उर्फ गोलू साकिन गढ़िया विशनपुर, थाना के नगर के पास से छीनी गई कुल धनराशि 1.10 लाख को बरामद कर लिया गया है। यह व्यक्ति उस वक्त पुलिस बल के साथ मौजूद था। चालक अमन कुमार उर्फ गोलू की निशानदेही पर इस प्रकरण में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।