किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र के पत्थरघट्टी पंचायत स्थित वार्ड संख्या 7 में एक पेड़ से लटका हुआ शव ग्रामीणों ने देखा। मृतक की पहचान मो. रहमूद के 46 वर्षीय पुत्र मो. जावेद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जावेद पेशे से वाहन चालक थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके पांच बच्चे हैं।
पढ़ें: साइबर ठगी के शिकार हुए डीएमसीएच कर्मी को पुलिस ने दिलाया पैसे वापस, बाकी पैसों की वापसी प्रक्रिया जारी
शव मिलने की सूचना परिजनों ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद कोढ़ोबाड़ी थाना प्रभारी संतोष कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष ने क्या कहा?
थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।