जोगबनी में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
अररिया जिले के जोगबनी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। भारत-नेपाल सीमा से सटे इस शहर में की गई यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र में बढ़ती नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान पूर्व सूचना के आधार पर चलाया गया।
गुप्त सूचना पर गठित हुआ विशेष दल
जानकारी के अनुसार, रविवार की संध्या जोगबनी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति टीकुलिया बस्ती की ओर से जोगबनी की तरफ स्मैक/ब्राउन शुगर लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फारबिसगंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीकुलिया बस्ती के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। सशस्त्र बल की सहायता से पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमित पासवान (19) और पीछे बैठे युवक ने अपना नाम छोटू कुमार (20) बताया। दोनों जोगबनी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पढ़ें- Bihar: बिहार से लाखों का इनामी ‘नूर’ गिरफ्तार, जाली नोट रैकेट से जुड़ा होने का आरोप; क्या है नेपाल कनेक्शन?
तलाशी में बरामद हुई ब्राउन शुगर
तलाशी के दौरान अमित पासवान के पास से 103.39 ग्राम तथा छोटू कुमार के पास से 95.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अतिरिक्त एक काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।