किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडावर हाउलड में शनिवार शाम अररिया-गलगलिया नई रेलवे लाइन पर सिलीगुड़ी-अररिया एक्सप्रेस से 14 वर्षीय आजाद आलम गिर गए। दोनों पैर गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडावर हाउलड में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। अररिया-गलगलिया नई रेलवे लाइन पर सफर के दौरान 14 वर्षीय आजाद आलम सिलीगुड़ी-अररिया एक्सप्रेस ट्रेन से गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पाठामारी थाना पुलिस और रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आजाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज ले जाया गया। हादसे में उसके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक किशोर आजाद आलम दिघलबैंक प्रखंड के तुलसिया पंचायत के बांसबारी गांव का रहने वाला था। उसके पिता मरगुब आलम मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में मातम छा गया। पाठामारी थाना अध्यक्ष सोना कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उधर शनिवार रात करीब 9 बजे जब आजाद का शव घर पहुंचा तो उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।