छात्र को पीटते हुए स्कूल संचालक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई में एक प्राइवेट स्कूल के संचालक द्वारा छात्र को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो के मुताबिक, एक प्राइवेट स्कूल का संचालक विद्यालय में ही छात्र को पाइप से पीट रहा है। हालांकि पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, 15 दिन पहले धनबाद निवासी सुनील पासवान ने अपने बेटे मोनू कुमार और सिकंदरा के चारण निवासी कपिल देव पासवान ने बेटे अनिकेत कुमार का जमुई के रजिस्ट्री कचहरी स्थित आवासीय बाल विकास स्कूल में दाखिला दिलाया था। तब से ही उक्त छात्र को विद्यालय की साफ-सफाई और बर्तन की धुलाई को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। इसे लेकर रविवार की सुबह संचालक छात्र को पाइप से पीट रहा था। तभी किसी ने पिटाई का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। संचालक के पीटने से छात्र की पीठ पर कई जगह गहरे निशान बन गए।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और स्कूल के संचालक गोतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शिक्षक चीकू सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार स्कूल संचालक गोतम सिंह ने कहा कि उक्त दोनों बच्चे गुटखा खाते हैं। उन दोनों ने विद्यालय के अन्य बच्चों को भी गुटखा खाना सिखा दिया। साथ ही संचालक ने यह भी कहा कि विद्यालय की साफ-सफाई सहित अन्य काम करना विद्यालय के बच्चों की जिम्मेवारी है। अन्य बच्चे करते भी हैं।
पीड़ित छात्र मोनू पासवन ने बताया कि विद्यालय संचालक गोतम सिंह और चीकू सिंह के द्वारा विद्यालय के बर्तन धोने और साफ-सफाई को लेकर लगातार दबाव बनाया जाता है। बर्तन धोने और विद्यालय की साफ सफाई नहीं करने पर लोहे की पाइप, रॉड, लाठी और डंडे से पिटाई की जाती है। वीडियो देखने के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।