Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नवादा जिले में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा। बिहार के हर क्षेत्र में काम हो रहा है, आगे और तेजी से काम होगा। इसके लिए आप सबको बधाई एवं धन्यवाद देता हूं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर नवादा पहुंचे हैं। उन्होंने रजौली प्रखंड के बहादुरपुर ग्राम पंचायत के करिगांव ग्राम में बने कृषि फार्म में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 211.96 करोड़ की कुल 202 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 138.06 करोड़ रुपये की 142 योजनाओं का उद्घाटन और 73,89 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। रजौली के करिगांव में सीएम नीतीश कुमार ने सरकारी विभाग और जीविका दीदियों के काम से जुड़े स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि नवादा जिले में सब तरह के काम करा दिये हैं कुछ नये काम और कराये जायेंगे।
विज्ञापन
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जैसा हमने पहले बता दिया है कि "नवादा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल" का निर्माण कराया जायेगा। इसके जमीन चिहिन्त करने हेतु शीघ्र ही पटना से टीम भेजी जायेगी। वहीं इन सब कामों को करा दिया जायेगा और इसके अतिरिक्त नवादा जिले में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा। बिहार के हर क्षेत्र में काम हो रहा है, आगे और तेजी से काम होगा। इसके लिए आप सबको बधाई एवं धन्यवाद देता हूं।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान जिन जिलों का दौरा किया गया है और इस दौरान जो घोषणाएं की गई हैं, उन सबको कैबिनेट से पास कराया जा रहा है। उत्तर बिहार के जिलों में प्रगति यात्रा के क्रम में 20 हजार करोड़ रुपये की कुल 188 योजनाओं की घोषणाएं कीं, जिनमें मंत्रिपरिषद् द्वारा कल 121 योजनाओं की स्वीकृति दी गई तथा विभाग के स्तर पर 67 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। हमारा उद्देश्य है कि हर प्रकार से बिहार की तरक्की हो। वर्ष 2005 के बाद हमलोगों ने बिहार में विकास का जो काम किया है, उसे याद रखियेगा।
विज्ञापन
प्रगति यात्रा के दौरान संवाद करते सीएम नीतीश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
आइए जानते हैं नवादा के लिए सीएम नीतीश् कुमार ने क्या-क्या घोषणाएं की...
रजौली के रोह एवं गोविन्दपुर प्रखंड को जोड़ने वाली सड़क पर सकरी नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा।
हिसुआ-नवादा-जमुई राज्य उच्च पथ (State Highway-08) पर नवादा बाईपास जिसमें एक आर.ओ.बी. भी शामिल है का निर्माण किया जायेगा।
नवादा जिले में बहुद्देशीय प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा।
पकड़ीबरावां अंचल के कचना मौजा में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण कराया जायेगा।
रजौली अनुमंडल में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।
नवादा नगर परिषद् के कुल 44 वार्डों में से छूटे 27 वार्ड में गंगाजल आपूर्ति की जायेगी।
नवादा जिले में रजौली, हिसुआ, नरहट, गोबिन्दपुर, सिरदल्ला एवं अकबरपुर प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
नवादा में रजौली में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जायेगा।
नगर पंचायत, रजौली में स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जायेगा।
नवादा शहर में सिटी सर्विलांस हेतु नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जायेगी।
सीएम नीतीश कुमार ने नवादा को दी यह साैगातें
अपनी इस यात्रा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा जिला के लिए कई सौगात दी। सबसे पहले वह गोविंदपुर प्रखंड के महावारा गांव पहुंचे। यहां जदयू नेताओं ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने गोविंदपुर प्रखंड के महावारा गांव के लिए सकरी नदी पर पुल का शिलान्यास किया। इसके बाद रजौली में डिग्री कॉलेज के शिलान्यास किया। साथ ही साथ 104 अलग-अलग विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अकबरपुर दौरे के दौरान खेल मैदान का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा नवादा सदर प्रखंड के नहर पर बाइपास और नए सर्किट हाउस का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और कई दिशा निर्देश दिए।