बिहार में डाक विभाग द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चार डाक टिकटों का सेट और एक विशेष कवर जारी किया गया है। बिहार के एक डाक टिकट संग्रहकर्ता की अवधारणा पर डाक विभाग ने यह टिकट जारी किए हैं।
टिकट संग्रहकर्ता प्रदीप जैन ने बताया, ‘मैंने यह डाक टिकट और स्पेशल कवर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभुत्व को दर्शाने के लिए तैयार किए हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह को न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में खासी लोकप्रियता मिली। जिस दिन उन्होंने शपथ ली, उसी दिन डाक विभाग ने मेरी टिकटों को जारी किया।’
5 रुपये मूल्य वाली चार डाक टिकटों पर मोदी के मुस्कराते चेहरे वाली अलग-अलग तस्वीरें हैं, जिसके साथ तरह-तरह के फूल भी हैं। जबकि कवर में मुस्कराते हुए मोदी कमल के फूल से निकलते दिखाई दे रहे हैं।
जैन समुदाय का प्रसिद्ध नवकार मंत्र कवर पर प्रिंट है, जिसका शीर्षक है, ‘द पावर ऑफ नमो’। बिहार भाजपा ने शीर्ष नेता ने इन टिकटों व कवर को दिल्ली में मोदी व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह को भेंट स्वरूप दिया।
इससे प्रभावित विदेश मंत्रालय ने उनसे संपर्क कर इन टिकटों को मंगाया है ताकि उन्हें पड़ोसी मुल्कों में भेजा जा सके। प्रदीप जैन ने बताया कि यह आइडिया उन्हें 2009 में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के राष्ट्रपति बनने के मौके पर जारी डाक टिकट से आया। अगर अमेरिका के लोग ऐसा कर सकते हैं, तो हम क्यों नहीं कर सकते।